हस्तलिखित पत्र से

जनता के नाम पत्र

ॐ

मेरे आदरणीय नगरवासियों!

मैं आपके सम्मुख एक गुज़ारिश लेकर आया हूँ — अगले पाँच साल के लिए सारे द्वेष भुलाकर सिर्फ़ अपनी तरक्की पर ध्यान दें। हमारा हर कदम, हर बात, हर कार्य सिर्फ़ उसी दिशा में हो। ऐसा करने में मैं हर कदम आपके साथ खड़ा रहूँगा, यदि आप मुझे इस योग्य समझ अपने साथ चलने का अवसर दें।

मैं कुछ बातें पहले से निश्चित करता हुआ चलता हूँ, ताकि विचार-परिवर्तन या लालच की गुंजाइश कम रहे, और ऐसा होने की स्थिति में उचित दंडात्मक कार्यवाही की जा सके — ताकि आपके भरोसे का कत्ल न हो, और जैसे विचार मैं आज तक रखता हूँ, परिस्थितियाँ उन्हें लालच में किसी भी दशा में न बदल सकें। मैं एक इंसान रहते हुए आप सब के साथ मिलकर अपने गाँव, शहर, ज़िले और इस देश की आमूल-चूल प्रगति का हिस्सा बनने का गौरव प्राप्त करना चाहता हूँ।

ये सब करने के लिए सबसे पहले आप सबका साथ चाहिए। अकेले यह किसी के लिए सम्भव नहीं, पर साथ मिलकर काफ़ी आसान हो सकता है — और निश्चित ही हमारी आने वाली पीढ़ियाँ हम पर गर्व करेंगी और अपना जीवन खुशहाली से बिता पाएँगी।

मेरा वादा, शपथ-पत्र पर

मैं आपके पास चुनाव के दौरान नहीं आऊँगा, पर उसके बाद यदि आपने मुझे काम के योग्य समझा, तो सत्र के दिनों के अलावा आपके आसपास ही रहूँगा — और सुनिश्चित करूँगा कि आपको मेरे पास न आना पड़े, बल्कि मैं आपके पास आऊँ।

मैं ये सारी बातें शपथ-पत्र पर लिखकर देता हूँ, और आपको यह अधिकार भी देता हूँ कि ये वादे पूरे न होने पर आप 1/3 मतों के साथ मुझे पद से हटाने के हक़दार होंगे।

मैं अपने बजट का लगभग 50% शिक्षा पर खर्च करूँगा, और वह शिक्षा केवल स्कूली न होकर होलिस्टिक होगी, जिसका लाभ हर व्यक्ति को मिलेगा — यानी हर व्यक्ति तक संविधान की बुनियादी जानकारी पहुँचाऊँगा, ताकि आप अपने अधिकार और कर्तव्य जानते हुए अपने व अपने परिवार के लिए सुंदर भविष्य सुनिश्चित कर सकें।

मैं बहुत कुछ नया न करते हुए, पहले से बनी योजनाओं और नियमों में यह सुनिश्चित करूँगा कि वे बिना अनियमितता के अपने गंतव्य तक पहुँचें। यह मेरे लिए बहुत आसान हो जाएगा जब आप इसमें मेरे साथ हिस्सा लेंगे, न कि इसे मुझ अकेले की ज़िम्मेदारी समझेंगे।

आप और मैं मिलकर अपना कार्य पूरी निष्ठा से करेंगे। इसके लिए मैं लिखित शपथ-पत्र देता हूँ, परन्तु आप भी स्वयं से प्रतिज्ञा करें — अन्यथा मुझे न चुनें। मैं साफ़ कहना चाहूँगा कि आपके सहयोग के बिना यह मेरे लिए असम्भव के समान होगा; और अगर कोई कहता है कि उसे आपकी ज़रूरत नहीं, तो आप उसका चयन कर सकते हैं।

ईमानदारी — पहले खुद से

हम सब अक्सर यह चर्चा करते हैं कि कोई अपना काम ईमानदारी से नहीं करता। पर क्या हम अपने हिस्से का काम ईमानदारी से करते हैं? इस बात पर ज़रूर विचार करें। जिस दिन हम अपना कार्य ईमानदारी से करेंगे, जानिए 80% सुधार हो गया; और बचे हुए 20% के लिए हम जागरूकता दिखाकर और संवैधानिक नियमों का पालन कर बहुत आसानी से काम कर पाएँगे।

मैं एक ऐसा स्मार्ट शहर बनाना चाहता हूँ जहाँ माइंड स्मार्ट हों, न कि सिर्फ़ इमारतें और सड़कें। ऐसी कल्पना करना और उसे साकार करना आप सबके सहयोग के बिना सम्भव नहीं होगा।

टैक्स, रोज़गार और सुविधाएँ

अगर आप ध्यान दें तो पाएँगे कि हमारे देश में ज़्यादातर प्रत्यक्ष कर भी आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों से लिया जा रहा है। फिर इस देश की अर्थव्यवस्था या जनता की व्यवस्था कैसे सही हो सकती है? हमें एक सही टैक्स सिस्टम की आवश्यकता है, और उससे भी ज़्यादा जागरूकता और भागीदारी की। मैं टैक्स सिस्टम में बदलाव हेतु सदन में बिल प्रस्तुत करूँगा, और हर करदाता को कुछ प्रमुख छूट एवं प्रशस्ति-पत्र जैसे विचार रखूँगा। आपके मुद्दे जानकर उन्हें समय-समय पर सदन में प्रस्तुत करूँगा, और इन सब विषयों पर आपके साथ गहन विचार कर उनका सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करूँगा।

मेरा अगला प्रयत्न रोज़गार की ओर होगा। मैं प्राइवेट सेक्टर के सम्भव निवेश अपने शहर में स्थापित कराने का प्रयास करूँगा, ताकि लोगों को बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। शहर और गाँव में हर 10 किलोमीटर के दायरे में शौचालय और बस स्टॉप बनाने का कार्य करूँगा, जिनमें महिलाओं के लिए 50% सीटें आरक्षित होंगी। शराब के ठेकों पर प्रतिबंध के लिए भी गुज़ारिश करूँगा।

कम खर्च, शांतिपूर्ण प्रचार

मेरा मानना है कि जो उम्मीदवार चुनाव प्रचार-प्रसार में धन लगाएगा, वह जीतते ही पहले उसकी भरपाई करेगा — और यही चल रहा है। मैं भले ही ग़लत साबित हो जाऊँ, पर इसी कारण मैंने अपने लिए सख़्त नियम बनाए हैं: मैं अधिक पैसा खर्च नहीं करूँगा, ताकि ईमानदार रह सकूँ। मैं चुनाव के समय शांतिपूर्ण प्रचार करूँगा, और शायद यह पत्र ही मेरा पहला और आख़िरी प्रचार है।

आपसे मेरी गुज़ारिश

मैं चाहता हूँ कि हर वोटर अपना मत पूरे विचार के बाद ही दे। यह वोट आपके और हमारे समाज के आने वाले पाँच साल हैं — और सम्भवतः उससे भी ज़्यादा। मत देने से पहले आपका निर्णय और उसके पीछे का कारण आपको पूरी तरह पता हो, और आप खुद उस निर्णय से संतुष्ट हों।

एक गुज़ारिश मेरी — इस बार अपना मत जाति, धर्म, लिंग, रंग आदि के भेद से परे होकर दें। और यदि मुझे देने का विचार बनाएँ, तो एक शर्त पर दें कि आपकी हिस्सेदारी भी बराबर की होगी। सेवकों को बताइए कि वे भी अपनी भागीदारी ईमानदारी से निभाएँ। अगले पाँच साल के लिए हर झगड़ा भूल जाइए और अपनी तरक्की पर ध्यान दीजिए।

मैं इस बात की प्रतिज्ञा लेता हूँ कि यदि मैं आपका प्रतिनिधि चुना गया, तो आपके हिस्से की पाई-पाई का हिसाब आपको दूँगा। हम एक पारदर्शी माहौल बनाएँगे, और अपने तथा एक-दूसरे के साथ ईमानदार रहते हुए आगे बढ़ेंगे।

आने वाली पीढ़ियों के लिए

क्या हमने कभी सोचा है कि दुनिया में जो भी विकसित देश हैं, उनकी वजह वहाँ के नागरिक हैं? पर हम अपनी आज़ादी का भरपूर दुरुपयोग कर चुके हैं। मेरी यह गुज़ारिश उन सभी सोचने-समझने वाले लोगों से है जो आने वाली पीढ़ियों के बारे में भी उतने ही चिंतित और गंभीर हैं।

बस एक बार सोचिए कि कितने लोग — क्या आप भी — हेलमेट या सीट बेल्ट का प्रयोग करते हैं, और उनमें से कितने अपनी सुरक्षा के लिए, और कितने सिर्फ़ चालान या पुलिस से बचने के लिए? आइए, इस ओर अपनी जागरूकता और क्रियाशीलता बढ़ाएँ। अपने ऊपर गंभीर अध्ययन के बाद मैं इस नतीजे पर पहुँचा हूँ कि हम अपना नुकसान करते आ रहे हैं — पर अपने प्रति जागरूक और क्रियाशील बनकर अपनी प्रगति सुनिश्चित भी कर सकते हैं।

मैं हर व्यक्ति के अंदर के हीरे को बाहर लाना चाहता हूँ। मैं हम सबको पूरी तरह आज़ाद और विचारशील देखना चाहता हूँ। मैं चाहता हूँ कि हम अपना अगला कदम अपनी आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखकर उठाएँ। हम उन्हें एक सुनियोजित भविष्य दे सकते हैं — जो उनका हक़ है और हमारी ज़िम्मेदारी।

हमें एक पल रुककर अपने अगले कदम बढ़ाने चाहिए, क्योंकि शायद हम अनजाने में ग़लत दिशा में बढ़ रहे हैं — यदि नहीं, तो बहुत अच्छा। अब समय है अपने प्रति ईमानदार रहने का। हम सब दूसरों की ओर उँगली उठाते हैं, उनमें कमियाँ निकालते हैं; पर अगले पाँच साल यदि हम सिर्फ़ अपनी ज़िम्मेदारी लें, तो हमारा शहर देश में ही नहीं, दुनिया में प्रथम स्थान पर होगा — निःसंदेह।

अभी तक हमारा बदलाव हमेशा दूसरे लाते रहे हैं। अब आप उठिए और बदलाव की ज़िम्मेदारी स्वयं लीजिए। इस विषय पर एक बार गंभीर होकर चिंतन अवश्य करें, और यदि सहमत हों तो अपनी भागीदारी अवश्य दें। इसके लिए ज़रूरी नहीं कि मैं ही आपका पथ-प्रदर्शन करूँ — आप स्वयं कमान संभाल सकते हैं, और देखेंगे विकास।

— सतत विकास
आपका, महेन्द्र सिंह चौहान